
नगर निगम कार्यकारिणी बैठक में पार्षद अभिषेक ‘टिंकू’ अरोड़ा ने उठाए कई मुद्दे — सफाई कर्मचारियों की नियुक्ति और फर्जी अनुभव प्रमाणपत्र पर कार्रवाई की मांग
आंखों का तारा समाचार पत्र
रिपोर्ट अब्दुल्ला अंसारी
नगर निगम कार्यकारिणी बैठक में पार्षद अभिषेक ‘टिंकू’ अरोड़ा ने उठाए कई मुद्दे — सफाई कर्मचारियों की नियुक्ति और फर्जी अनुभव प्रमाणपत्र पर कार्रवाई की मांग
सहारनपुर। नगर निगम की कार्यकारिणी बैठक में समाजवादी पार्टी के पार्षद अभिषेक ‘टिंकू’ अरोड़ा ने नगर की सफाई व्यवस्था, भ्रष्टाचार और जनहित से जुड़े कई अहम मुद्दे मजबूती से उठाए। उन्होंने कहा कि जिन वार्डों में सफाई कर्मचारियों की संख्या कम है, वहां सफाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है। उन्होंने इन वार्डों में जल्द से जल्द सफाई कर्मचारियों की नियुक्ति की मांग की।
पार्षद अरोड़ा ने बैठक में यह भी बताया कि एक फर्जी अनुभव प्रमाणपत्र के आधार पर एक फर्म द्वारा पिछले कई महीनों से करोड़ों रुपये के कार्य किए जा रहे हैं। इस मामले की जांच कमेटी गठित की गई थी, जिसने पत्र को फर्जी घोषित किया था। इसके बावजूद नगर निगम प्रशासन ने संबंधित फर्म के खिलाफ न तो ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई की और न ही कोई वैधानिक कदम उठाया। उन्होंने इस फर्म को तत्काल ब्लैकलिस्ट करने और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
अभिषेक अरोड़ा ने सुझाव दिया कि सहारनपुर नगर निगम को गाजियाबाद नगर निगम की तर्ज पर अपनी जमीनों पर स्कूल, इंटर कॉलेज और अस्पतालों का निर्माण करना चाहिए, जिससे नगर की जनता को सीधा लाभ मिल सके।
जीआई सर्वे को लेकर भी उन्होंने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि नगर निगम टैक्स विभाग के कर्मचारी सर्वे के नाम पर जनता का उत्पीड़न कर रहे हैं, जो किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने मांग की कि सेल्फ एसेसमेंट के माध्यम से जीआई सर्वे नोटिसों का निस्तारण किया जाए और भ्रष्टाचार में लिप्त कर्मचारियों पर कठोर कार्रवाई की जाए।
इसके साथ ही पार्षद अरोड़ा ने नगर के सभी अंत्येष्टि स्थलों — चाहे वे किसी भी धर्म या समुदाय के हों — पर हाई मास्क लाइट लगवाने का प्रस्ताव सदन में रखा, जिसे पारित किया गया। उन्होंने दीपावली से पहले नगर की सभी बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को तत्काल चालू करवाने की भी मांग की, ताकि यह रोशनी का पर्व पूरे उल्लास के साथ मनाया जा सके।
उन्होंने कहा कि वे सहारनपुर नगर की जनता के हितों के लिए लगातार संघर्ष करते रहेंगे। बैठक में अन्य मुद्दों पर भी उन्होंने नगर की समस्याओं को मजबूती से सदन में रखा।